मंगलवार, 10 सितंबर 2019

एक व्यंग्य 058-V: हिंदी पखवारा और मुख्य अतिथि

14-सितम्बर , हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष-----]
एक व्यंग्य 058-V : हिंदी पखवारा और मुख्य अतिथि

"अरे भाई मिश्रा जी ! कहाँ भागे जा रहे हो ? " ---आफिस की सीढ़ियों पर मिश्रा जी टकरा गए
’भई पाठक ! तुम में यही बुरी आदत है है । प्रथमग्रासे मच्छिका पात:। मालूम नहीं कि आज से ’हिन्दी पखवारा" शुरू हो रहा है ?मालूम नहीं कि सरकारी विभाग में हिन्दी पखवारा का क्या महत्व है ? मरने की फ़ुरसत नहीं होती "---मिश्रा जी ने अपना तात्कालिक और सामयिक महत्व बताया।
’अरे ’मार ’कौन रहा है तुम्हें ?-’ बदले में मै ने सहानुभूति जताई ।
इसी बीच मिश्रा जी की हिंदी चेतना जग गई-" मरने" की बात कर रहा हूँ ’डाईंग’--’डाईंग- । ’मारने’ ’बीटिंग’ बीटिंग’ की बात नहीं कर रहा हूँ ।’मरना’ अकर्मक क्रिया है --’मारना’ सकर्मक क्रिया है । मालूम भी है तुम्हें कुछ । मालूम भी कैसे होगा? "फ़ेसबुकिया" हिंदी से फ़ुरसत मिलेगी तब न ।
’अरे जाओ न महराज ,मरो’--मै ने अपना पीछा छुड़ाते हुए ,वहाँ से खिसकना ही उचित समझा।
मेरे पुराने पाठक ,मिश्रा जी से अवश्य परिचित होंगे। जो नए पाठक हैं ,उन्हें मिश्रा जी के बारे में संक्षेप में बता दूँ । मेरा सम्बन्ध मिश्रा जी से वही है जो कभी राजनारायण जी का चौधरी चरण सिंह से था , के0पी0 सक्सेना जी का किसी ’मिर्ज़ा’ से था या अमित शाह जी का मोदी जी से है। मिश्रा जी अतिउत्साह में जब कहीं ’लंका-दहन’ कर के आते हैं तब मुझे ही ’लप्पो-चप्पो’ कर के स्थिति सँभालनी पड़ती है।
मिश्रा ने सही तो कहा । मैं आत्म-चिन्तन में डूब गया । सरकारी विभाग में हिंदी-पखवारा के दौरान हिन्दी -अधिकारी का काम कितना बढ़ जाता है ।कितनी भाग दौड़ करनी पड़ती है ।जाके पैर न फटी विवाई ,सो क्या जाने पीर पराई ।
अब मिश्रा जी ने चिन्तन शुरू कर दिया -आसान काम है क्या एक ’हिंदी-अधिकारी ’ का काम ।बड़े साहब का हिंदी में संबोधन-सन्देश लिखना ,स्वागत-भाषण लिखना, धन्यवाद प्रस्ताव लिखना, हिन्दी की क्या महत्ता है -पर आलेख लिखना । उदघाटन के लिए मुख्य-अतिथि चुनना ,पकड़ना और पकड़ के लाना ।और मुख्य-अतिथि चुनना भी आसान काम है क्या? बड़े-बड़े साहित्यकार तो पहले से ही बुक हो जाते है । शादी के मौसम में बाजा वालों को समय से ’बुक’ न करो तो बजाने वाले भी नहीं मिलते। नखरे ऊपर से।
मुख्य अतिथि पकड़ने-धकड़ने में पिछली बार कितनी परेशानी हुई थी ,।एक ठलुआ निठ्ठल्लुआ साहित्यकार के पास गया था। बैठ कर मख्खी मार रहा था मगर ’किसी हिंदी कविता कहानी ग्रुप का ’फ़ेसबुकिया एड्मिनिस्ट्रेटर’ था । हिंदी-ग्रुप का फ़ेसबुकिया संचालक भी अपने आपको हिंदी का "मूर्धन्य साहित्यकार’ मानता है । और जो उसे नहीं मानता ,वह उसे ’लतिया’ देता है अपने ग्रुप से । वह अपने नाम के आगे ’कवि अलानवी ’ वरिष्ठ लेखक , कथाकार ढेकानवी ..शायर फ़लानवी लिख लेता है । ख़ुद ही मोर पंख लगा लेता है।
ऎसे ही एक महानुभाव के पास .हिंदी-दिवस के लिए निमन्त्रित करने गया ।
"भई मेरे पास तो टैम नहीं है ’मुख्य अतिथि’ बनने का । दसियों जगह से निमन्त्रण आए हैं ।आप ही बताएँ कहाँ कहाँ जाऊँ। आप मेरे ’रेगुलर क्लाईन्ट’ है तो कुछ न कुछ करना ही पड़ेगा ।डायरी देख कर बताता हूँ।भाई साहब ने अपनी डायरी देखी,माथे पर कुछ चिन्ता की लकीरें उभारी, कुछ मुँह बनाया,कुछ ओठ बिचकाया ,कभी चश्मा उतरा ,कभी चश्मा चढ़ाया और अन्त में प्रस्फुटित हुए--" मुश्किल है भाई साहब । किसी प्रकार एक-घंटा निकाल सकता हूँ आप के लिए।भई मेरे पास गाड़ी तो नहीं है आप को ही ले जाना -- ले आना पड़ेगा । बच्चों के लिए कुछ उपहार होना चाहिए -’पत्रम-पुष्पम’ वाला लिफाफा ज़रा वज़नदार होना चाहिए-----"
"सर ! यह कुछ ज़्यादा नहीं है ? इतना बजट नहीं है ,सर अपना "-मैने अपनी ’दंत -चियारी ’ करते हुए सरकारी असमर्थता जताई ।
" तो आज ही उदघाटन करा लो,फीता कटवा लो । सस्ते में कर दूँगा’---उन्होने हिंदी सेवा का अपना व्यापारिक रूप दिखाया
’सर !’हिंदी दिवस’ आज नहीं है न ,वरना आज ही आप से बैंड बाजा बजवा लेता मतलब फीता कटवा लेता।
----
पितॄ-पक्ष में कौए पूजे जाते हैं । अच्छे-अच्छे पकवान खिलाये जाते है। इस उमीद से कि पुरखे तर जाएंगे ।हिंदी-पखवारा में न जाने क्यों हिन्दी साहित्यकार ही बुलाए जाते हैं।इस उमीद से कि हिंदी तर जायेगी । मान्यता है बस।
कोई मिला नहीं तो थक हार कर उन्हीं महोदय को मोल भाव कर के लाया । पखवारा का अन्तिम दिन था सस्ते में --गाड़ी से ले आने-ले जाने की शर्त पर मान गए ।
-----
हिंदी पखवारा का आख़िरी दिन । 14-सितम्बर।
सभागार भरा हुआ है । सरकारी अधिकारी मंच पर बैठ गए।माला फूल हार पहना दिए गए। सरस्वती-वंदना हो गई । दीप-प्रज्ज्वलित हो गया । उदघाटन हो गया-। मुख्य अतिथि महोदय माइक पर आए और भाषण शुरु किया।
"-- पहले मैं आप सभी का धन्यवाद ज्ञापन कर दूँ कि आप ने इस पावन अवसर पर इस अकिंचन को याद किया ---आप सब जानते हैं -आज ही के दिन हिंदी हमारी ---गाँधी जी ने कहा था अगर देश को एक सूत्र में कोई पिरो सकता है तो वह है हिंदी---नेहरू जी ने कहा था-----हिन्दी एक भावना है ---जो भरा नहीं है भावों से ,जिसमें बहती रसधार नहीं , वो हृदय नहीं है पत्थर है-- ।हिंदी भारत माँ की बिंदी है------
"बात यहीं से शुरु करते हैं --हिन्दी पखवारा--’ उन्होने पीछे मुड़ कर दीवार पर टँगे हुए बैनर को देखते हुए कहा--" हिंदी-पखवारा। कभी आप ने ध्यान दिया कि यह शब्द कैसे बना? नहीं दिया न ? आज मैं बताता हूँ-- ’पखवारा ’- पक्षवार से बना है ।जैसे ’ईक्ष’ को "ईख’ को बोलते हैं । यानी’क्ष’ को ’ख’ बोलते है । पक्ष यानी 15-दिन का एक पक्ष--कॄष्ण पक्ष--शुक्ल पक्ष। अब तो लोग ’हिंदी-सप्ताह’ को भी लोग हिंदी पखवारा बोलने लग गए। कहीं कहीं कुछ लोग ’हिंदी-पखवाड़ा’ भी बोलते है ।कुछ जगह तो लोग -’ड़’- को -’र’ भी बोलते है जैसे "घोरा सरक पर पराक पराक दौर रहा है ’ ।यह किस प्रदेश की भाषा है यह न पूछियेगा । आप इस चक्कर में न पड़े कि पखवारा है कि पखवाड़ा-है । मगर --बैनर हमेशा वक्ता के पिछवाड़ा ही टँगा रहता है
--तालियाँ बजने लगी । क्या ज्ञान की बात कर रहा है बन्दा ।वाह वाह ।उन्होने अपना भाषण जारी रखा।
"अन्त में । हिंदी सबसे ज़्यादा बोली जाने वाली भाषा है---मैं पिछली बार जब अमेरिका गया था-तो लोगों का हिंदी प्रेम देख कर मन अभिभूत हो गया --अगर आप कभी ’ऎडीसन’ गए हों --’ऎडीसन’ न्यूजर्सी की एक काउन्टी है -तो आप को लगेगा कि आप फिर भारत में आ गए जैसे कि आप यू0पी0 में हैं बिहार में हैं -- उस से पहले मैं रूस गया था तो वहाँ भी हिंदी बोली जाती है--आवारा हूँ [मैं नहीं] -मेरा जूता है जापानी --मेरा दिल है हिन्दुस्तानी ---हिंदी सुन कर मेरा सर श्रद्धा भाव से झुक गया हिन्दी के अगाध प्रेम के प्रति। जापान की बात तो खैर और है -। एक बार जापान भी गया था ।वहाँ के विश्वविद्यालय में आमन्त्रित था---

"अन्त में --. हमें हिंदी को आगे बढ़ाना है ।आप लोग सरकारी अधिकारी हैं ,कर्मचारी है ।देश के कई भाग से आए होंगे --कोई .तमिल’ से आया होगा --कोई आन्ध्रा से -कोई केरला से -।हिंदी बहुत ही सरल भाषा है । जिन भाइयों को हिंदी नही आती --घबराने की कोई बात नहीं --आप आफ़िस की नोटिंग में कठिन अंगरेजी शब्दों को देवनागरी में लिख दें --बस हो गई हिंदी--
"अन्त में -----
अन्त में --अन्त में कह्ते कहते 1 घन्टे के बाद अन्तियाए और सभा समाप्त हो गई ।हिन्दी दिवस मना ली गई एक सरकारी कार्यालय में ,और मुख्यालय को रिपोर्ट भेज दी गई ।
------------
बड़े साहब-- ’ मिश्रा ! अरे इसे कहाँ से पकड़ के लाया था। इस से अच्छी हिन्दी तो मैं ही बोल सकता था।
मिश्रा जी -----’सर ! आप विभाग के ’मुख्य महा प्रबन्धक’ हैं ,आप ’मुख्य अतिथि ’कैसे हो सकते थे। यह आदमी निठ्ठला खड़ा था आज के दिन ’लेबर चौक’ पर, सो पकड़ लाया। ’सस्ते’ में ’अच्छा’ भाषण दिया।

’या ,या ’-कह कर बड़े साहब ने अपने घर की राह ली।
-------------------
बाद में मालूम हुआ कि वह वक्ता भाई साहब जो ”दसियों निमन्त्रण’ की बात कर रहे थे वो अपना भाव बढ़ाने के लिए कर रहे थे और जो डायरी देख कर बताने की बात कर रहे थे उस में वह रोज नामचा लिखते हैं।वह इदेश-विदेश कहीं नहीं आते-जाते ।साल में एक बार अपने गाँव चले जाते है और उसी को ’विदेश-यात्रा " कह कर उल्लेख करते रहते हैं ।यह रहस्य उनके एक दूसरे प्रतिद्वन्दी हिंदी सेवक भाई ने बताई।
------
मुख्य अतिथि महोदय के ’अंगरेजी के कठिन शब्दों को देवनागरी में लिखने वाले ’प्रवचन’ का कितना प्रभाव-- तमिल --कन्नड़ -मलयालाम भाषी भाइयों पर पड़ा होगा ,मालूम नहीं ।मगर मिश्रा जी पर काफी गहरा प्रभाव पड़ा ।
अगले दिन उन्होने ’ एक अंगेरेजी सर्कुलर के नीचे लिख दिया -"हिंदी वर्जन विल फ़ालो" अनुवाद कर अधीनस्थ कार्यालयों को यूँ भेंज दिया
" टू द मैनेजर
प्लीज रेफ़र दिस आफिस लास्ट लेटर डेटेड----
आइ एम डाइरेक्टेड टू स्टेट दैट-------
नान कम्प्लाएन्स आफ़ द इनस्टरक्शन विल भी ट्रीटेड सीवीर्ली--
हिंदी आफ़िसर
फ़लाना आफ़िस
अस्तु
-आनन्द पाठक-





बुधवार, 1 मई 2019

एक व्यंग्य 57 : बड़ा शोर सुनते थे--

एक व्यंग्य : बड़ा शोर सुनते थे---

--’बड़ा शोर सुनते थे पहलू में दिल का ’ ।ख़बर गर्म थी ।उनकी नाक उनकी दादी जैसी है। दादी की झलक है ।वह आँधी हैं ’आँधी"। अगर बनारस से उठ गईं तो ’कमल’ की तमाम पँखुड़ियां उड़ जाएँगी ।हाथी साथी सब हवा हो जायेंगे। उनके कार्यकर्ताओं मे गजब का उत्साह  भर जाता था जब वो  पूछती थीं --’ बनारस से उठ जाऊं क्या’ --? खड़ी हो  जाऊँ क्या ?।कार्यकर्ता भी सब अभिभूत हो जाते थे   ,झूमने लगते थे , नाचने लगते थे  ।उन्हे लगता था आयेगा मज़ा जब आयेगा ऊँट पहाड़ के नीचे---
"अबे ! किसको ऊँट बता रहा है बे !"--एक कार्यकर्ता ने आपत्ति जताई
’कमल आयेगा पहाड़ के नीचे, भाई साहब !’ -पहले ने सफ़ाई दी ।
’अच्छा ! मैं समझा कि---। दूसरे ने सन्तोष की साँस ली --" अरे वो हम कार्यकर्ताऒं का कितना सम्मान करती हैं ।  ,उन्हे क्या ज़रूरत आन पड़ी  हम जैसे कार्यकर्ताओं से पूछ्ने की । वह  तो "स्वयं प्रभा समुज्ज्वला" हैं--उन्होने पार्टी से नहीं ,पहले हम से पूछा, हम समर्पित कार्यकर्ताओं से पूछा-- हम सब से पूछा -- हम सब ही तो पार्टी हैं- हम सबकी ’अनुमति’ के बग़ैर वो कैसे उठ सकती हैं भला । हमारी पार्टी अन्य पार्टियों की तरह नहीं  कि बाहर से उम्मीदवार लाया और  ’थोप’ दिया हम कार्यकर्ताओं पर ।. उतार दिया ’पैराशूट’ से  किसी बाहरी उम्मीदवार को ।-30 साल से झंडा उठा रहे है हम निर्विकार भाव से बिना किसी पद की इच्छा के, बिना टिकट की  लिप्सा से ---। वो तो स्वयं ही पार्टी है
पहले भाई साहब ने बात काटी--’नहीं भाई साहब ! ऐसा नहीं । वो खुद पार्टी नहीं है। वो पार्टी की एक विनम्र कार्यकर्ता है, एक सिपाही हैं --बिल्कुल हमारे-आप जैसे । हमारी पार्टी में लोकतन्त्र है अनुशासन है-जब तक पार्टी नहीं कहेगी तब तक  वो  अपने आप कैसे चुनाव में खड़ी हो जायेंगी ?पार्टी प्रेसिडेन्ट नाम की  कोई चीज होती है कि नहीं । पार्टी में ऐसे ही कोई प्रेसिडेन्ट बन जाता है क्या ? ---कार्यकर्ता भाई साहब ने अपना "पार्टी-ज्ञान’ बघारा।

--चीरा तो क़तरा-ए-खूं न निकला ।हाय अफ़सोस कि पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया ।

यह होता है पार्टी का संविधान ।कोई कितना भी बड़ा क्यों न हो ,अपनी बहन ही क्यों न हो, अपना जीजा ही क्यों न हो , पार्टी के संविधान से बड़ा कोई नहीं ,बहन भी नहीं ।विरोधी पार्टी झूठे आरोप लगाती है  कियह  एक परिवार की पार्टी है । भईया आप ही बताओ उन्होने  बहन को  टिकट दिया क्या ?नहीं दिया न । यह होता है ’न्याय’। वो और भी ’न्याय’ करेंगे  -चुनाव के बाद।

पार्टी प्रवक्ताओं ने बताया उन्हे देश देखना है ।ग़रीबों को देखना है, बेरोज़गारों को देखना है नौजवानों को देखना है हिन्दू को देखना है मुसलमान को देखना है।समय कम है,इसी चुनाव काल में देखना है  ।समस्यायें असीमित है  ,एक ही लोकसभा क्षेत्र में ’सीमित’ नहीं करना है उन्हें ।
-------
कुछ दिन पहले मैं भी बनारस गया था । नामांकन करने नहीं ।घूमने। बनारस के दशाश्वमेध घाट की सीढ़ियों पर बैठे बैठे सोच रहा था -गंगा मईया की बेटी थी आने को कह रही थी ,इसी गंगा मईया के जल से आचमन किया था मगर अफ़सोस।
ख़ुदा क़सम , अल्लामा साहब याद आ गए

न आते ,हमें इसमें तक़रार क्या थी
मगर वादा करते हुए  आर क्या थी?

[आर=लाज ,लज्जा]
प्रवक्ता ने बताया कि उन्होने ख़ुद ही मना कर दिया ।

 मैने पूछा। इक़बाल साहब ने पूछा

तअम्मुल तो था उनके आने में क़ासिद
मगर ये बता तर्ज़-ए-इनकार क्या थी ?
[ तअम्मुल=संकोच}

न उन्होने बताया,न  प्रवक्ता ने बताया  कि -तर्ज़-ए-इनकार क्या थी।
-------

कुछ दिनों बाद
किसी चुनाव रैली में ,उसी कार्यकर्ता ने दादी की नाक से  पूछ लिया--बहन जी !---
"ऎं ! मैं बहन जी जैसी दिखती हूँ क्या ? भईए ! ’बहन जी" तो ’बबुआ’ के साथ घूम रहीं है----
-’ नहीं मैडम ! मेरा मतलब यह था कि आप बनारस से क्यों नहीं उठी---हम लोग कितनी उत्सुकता से आप की प्रतीक्षा कर रहे थे कि आप आतीं तो पार्टी को एक संजीवनी मिल जाती।जान फूँक देती । अन्य  पार्टियाँ "फुँक" जाती, विरोधी पस्त हो जाते ,हाथी बैठ जाता, साइकिल पंचर हो जाती --आप उठती  तो नोट बन्दी का ,जी0एस0टी0  का बेरोजगारी का , सब एक साथ बदला ले लेते --आप समझिए कि इस एरिया का 15-20 सीट तो कहींयों नहीं गया था---

’नहीं रे ! दिल छोटा न कर । पार्टी ने टिकट ही नहीं दिया वरना तो हम--"
-’मैडम ! आप लोग कितने महान है । औरों को पिलाते रहते है और खुद प्यासे रह जाते है। कितना बड़ा त्याग करते रहते  है आप लोग देश के लिए।खुद को कुर्बान कर देते हैं पार्टी के लिए----
-सही पकड़ा । बनारस से बड़ा चुनाव और चुनाव से बड़ा देश --हमें पूरा देश देखना है ।बनारस में क्या रखा है ? यहाँ तो मेरा पुराना वाला उम्मीदवार ही काफी है  हिसाब किताब करने के लिए  । तू चिन्ता न कर।चुनाव के बाद तू बस हमी को देखेगा---बम्पर मेजारिटी से वापस आ रहे हैं --मैं देख रही हूँ --मुझे दिख रहा है --तू भी देख---।

इसी बीच किसी ने शे’र पढ़ा--
थी ख़बर गर्म कि ’ग़ालिब’ के उड़ेंगे पुर्ज़े
देखने हम भी गए थे तमाशा न हुआ

"ऎं यह शे’र किस ने पढ़ा  ?"---मैडम ने त्योरी चढ़ाते हुए पूछा
कार्यकर्ता ने हकलाते , घबराते और  मिमियाते हुए बोला--- मैं नहीं मैडम ! ग़ालिब ने--
-’अच्छा ग़ालिब मियां  का ? उन्हे सलाम भेजना। उनकी भी बिरादरी का ’वोट’ लेना है।
------
-आनन्द-पाठक-