सोमवार, 21 सितंबर 2020

एक व्यंग्य 63 : आमन्त्रण लिंक

 एक हास्य- व्यंग्य : आमन्त्रण-लिंक

मिश्रा जी ने आते ही आते अपनी उँगलियाँ दबानी शुरू कर दी।
,यह उनकी आदतों में शुमार है । वह तब तक ऐसा कुछ न कुछ करते रहेंगे
जब तक कि आप उन से पूछ न लें कि मिश्रा जी ! क्या हुआ ?
इससे पहले कि वह कुछ कहते,मैने ही पूछ लिया -’ मिश्रा जी ! क्या हुआ ?
’भई पाठक ! सुबह से सबको "आमन्त्रण-लिंक" भेजते भेजते उँगलिया दर्द करने लगी ,वही दबा रहा हूँ।
"आमन्त्रण -लिंक? कैसा? किसलिए? छोटे की शादी तय कर दी क्या ? निमन्त्रण-पत्र ही छपवा लेते’
-हा हा हा ! -मिश्रा जी अचानक हँस पड़े और सोफ़ा में धँस पड़े और मुखर हो पड़े-" शास्त्रों में लिखा है कि कुएँ के मेढक को कभी कभी कुएँ से बाहर भी निकलना चाहिए।"
-"क्या मतलब"?
"मतलब यह कि दुनिया कहाँ से कहाँ चली गई और तुम हो कि कलम-घिसाई में लगे हो।भइए ! कभी ’फ़ेसबुक’पर आओ ,कभी "व्हाट्स अप’ पर जाओ तो पता चले कि धूप कहाँ से कहाँ चढ़ चुकी है कविता-ग़ज़ल कहाँ से कहाँ पहुँच गई है ।क्या क्या ऊँचाइयाँ छू रही हैं। 25-30 मंच से जुड़ा हूँ। हर जगह से बुलावा आता है-- मिश्रा जी मेरे ’फ़ेसबुक’ पर लाइव आइए--कविता पाठ कीजिए--यहाँ आइए- इधर आइए --उधर मत जाइए - हम ’ज़ूम’ से प्रसारण कराते है -ओरिजिनल वर्जन पेड वर्जन से----मेरे यहाँ वाच पार्टी में आइए--ग़ज़ल सुनाइए
एकल काव्य पाठ कीजिए--समूह में कीजिए ---वाह वाह पाइए तालियाँ मुफ़्त में -मेरी काव्य-गोष्ठी में आइए --मालूम भी है तुम्हे कुछ?
कितनी माँग चल रही है मेरी --मेरी कविताओं की --मेरी गज़लों की ।-बेताब हैं लोग सुनने के लिए।कभी इस फ़ेसबुक पर कभी उस फ़ेसबुक पर । कभी यहाँ, कभी वहाँ ।उसी प्रोग्राम का सबको लिंक भेज रहा था सुबह से -लगा हुआ था कि उँगलियाँ थक गईं
-" तो लिंक के नीचे यह भी लिख दिया होता - मैने सुझाव दिया।
भेज रहा हूँ नेह निमन्त्रण ,प्रियवर तुम्हे बुलाने को
हे मानस के राजहंस तुम भूल न जाना आने को
-’मगर मिश्रा जी मैने आप को कभी कुछ लिखते हुए तो देखा नहीं ?
-"-तो पढ़ते हुए देख लो ।-मिश्रा जी ने एक कुटिल मुस्कान उड़ेली ।- इसीलिए तो कह रहा हूँ कि कुएँ के बाहर
भी एक दुनिया होती है । 4 बजे शाम को आलाना साइट पे मुझे सुनो--5 बजे फ़लाना मंच से सुनो--6 बजे ढकाना महफ़िल में देखो
--7-बजे विश्व हिंदी मंच से मेरा एकल काव्य पाठ सुन कर आशीर्वाद दो--8-बजे अन्तर्राष्ट्रीय मंच से-आन लाइन-9 बजे अन्तरराष्ट्रीय मंच से--आन लाइन--।-भाई साहब साँस लेने की फ़ुरसत नहीं--नन्ही सी जान है, कितने काम है !-
-मिश्रा जी ने सीना चौड़ा करते हुए यह बात कही
-" हाँ ! फ़ुरसत कहाँ मिलती होगी कुछ नया लिखने पढ़ने की ?
शायद मिश्रा जी इस वाक्य का निहित अर्थ नहीं समझ सके। और समझते भी कैसे ? अभी तो वह ’खुद को दिखाने" में व्यस्त हैं
’तुम कभी "आन लाइन लाइव’ हुए हो ?-मिश्रा जी ने पूछा”
"नहीं । मगर ऐसे निमन्त्रण/आमन्त्रण रोज़ आते हैं मेरे .’इन-बाक्स’ में ।हाँ ,एक बार एक ’लिन्क’ पर क्लिक किया था--खुला नहीं ।
फोन कर के पूछा--तो उन्होने बताया कि शाम 8-बजे खुलेगा भाई।
तब मालूम हुआ कि कुछ लोग शाम 8-बजे के बाद ही ’खुलते" हैं -- मखना चखना के साथ ।
"हाँ, गया था"-अब मैने सीना चौड़ा कर के कहा। जाने के पहले चार बार दरपन देखा, चालिस बार कंघी किया,बाल सँवारा। "अर्ध गंजे सर" से
माँग निकालना आसान होता है क्या !
गया था एक लिंक पर ।-एक घंटा तो "प्र्नाम-पाती ’ होता रहा ।-कोई सज्जन आत्म मुग्ध हो कर एकल कविता पाठ कर रहे थे।कभी बाल सँवार रहे थे।कभी हाथ जोड़ रहे थे,कभी सर झुका रहे थे ।कभी आँख मूँद रहे थे। एक लाइन सुनाते थे फिर पता नहीं झाँक झाँक कर क्या देख रहे थे? बीच बीच में कहते जा रहे थे -
-अहा दद्दा आ आ गए--सादर प्रनाम -शर्मा जी आ गए -अहा धन्य हो गया मैं ----स्वागत है--भाई वर्मा जी --किधर रह गए थे महोदय -
-। हाँ तो अगली लाइन सुने --अच्छा लगे तो अपने इस बेटे को आशीर्वाद ज़रूर दीजियेगा--हर 1-2 लाइन गाने के बाद -किसी न किसी का स्वागत ही कर रहे थे ।
-कुसुम दीदी आ गईं --स्वागत है--मीरा बहन का बहुत --अहा ’प्रिया आंटी- भी आ गई ? आंटी शब्द सुनते ही प्रिया जी बिना रुके ही चली गईं।
आई भी और गई भी । रिया भाभी --धन्यवाद --पधार कर मुझे कॄतार्थ कर दिया --हा तो-अगली लाइन सुनें-। अगली लाइन गाने के लिए जैसे ही उन्होने
अपनी आँखें बन्द की कि किसी आने वाले पर नज़र पर पड़ गई --और जैसे ही स्वागत के लिए मुँह खोला की नेट -आफ़ हो गया--।
पाँच मिनट की कविता में आधा घंटा लगा दिया ।
फ़ेसबुक वालों यू -ट्यूब वालों ने क्या इन्तज़ाम कर दिया कि अब हर आदमी गीत सुना रहा है--ग़ज़ल सुना रहा है -माहिया गा रहा है--लगता है हर लिंक पे गीतकार बहुत हैं -- ग़ज़लकार बहुत है --अदाकार बहुत हैं ।
एक और लिंक पर गया था । --देखा कोई देवी जी मुखरित थीं । बड़े लय से तरन्नुम में अपनी कोई गीत गा रही थी।बीच बीच में अपना आँचल भी सँभाल रही थी । यहाँ भी वही स्वागत --स्वागतम-- कार्यक्रम-चल रहा था --गीता दीदी का स्वागत-- नीता दीदी स्वागतम कमेन्ट बाक्स में धड़ाधड़ कमेन्ट दिए जा रहे थे--वाह वाह--बहुत मधुर आवाज-- कोकिल कंठी है---क्या आवाज़ पाई है
खुदा की देन है --वाह बहुत खूब-- क्या गीत गा रही है मोहतरमा --अभूतपूर्व --कभी सुना नही ऐसा --क्या दर्द समेटा है -अपने दिल में ,--- कलेजा मुँह को आ जावे है ।क्या सूरत पाई -वल्लाह -क्या सीरत पाई-या खुदा- क्या जल्वा नुमाई--यारब। खुदा जब हुस्न देता है---।
सैकड़ो --वाह वाह-- के बाद आधे घंटे का कार्यक्रम एक घंटे में सम्पन्न हुआ ।
लोग अपने अपने घर गए। जो घर पे सोए रह गए -उन्हें कार्यक्रम की " विडीयो रिकार्डींग ’ भेज दिया गया --इस संदेश के साथ कि जब आप सो रहे थे तो मैने गीत ग़ज़ल को कहाँ से कहाँ पहुँचा दिया ---आप भी इस विडियो को देखें ,अपने दोस्तों रिश्तेदारों को भेजे ,अपने मंच के सदस्यों को आगे पहुँचाए---पुण्य मिलेगा--लाभ होगा ।आप पर लक्ष्मी की कृपा बरसेगी।
हम पर लक्ष्मी की कृपा बरसे न बरसे मगर विडियो के हर अग्रेषण पर फ़ेसबुक वालों पर कृपा ज़रूर बरसेगी ।
-----
--- ख़ैर ।
कुछ दिनों बाद वह देवी जी टकरा गई और टकराते ही वाह वाह की प्र्त्याशा में उन्होने मुझसे पूछ लिया -’उस दिन मेरी कविता कैसी लगी आप को ?"
"कविता ? कौन सी ? मैं तो बस आप को ही देखता रहा । क्या साड़ी पहनी थी वाह वाह आप -वाह बहुत सुन्दर लग रही थी । क्या करीने से ’प्लेट’ लगाई थी आप ने ! बनारसी थी? मेक अप भी कमाल का ।कौन सा पार्लर था ?
हाँ आप के गले का चेन बहुत वज़नी लग रहा था 7-8 तोले से कम तो क्या रहा होगा?
-अरे महराज ! मैं कविता के बारे में पूछ रही हूँ-कविता कैसी लगी ?कविता के बारे में ?
कौन सी कविता ? क्या कहने ! वाह वाह ! आप का रंग रूप देख कर ही कविता की सुन्दरता का अन्दाज़ा लगा लिया था। मैं ’कवर’ देख पुस्तक पढ़ने का आदी हूँ
। क्या सुना ?मैं क्या बताऊँ? बस इतना ही समझ लीजै
- -गिरा अनयन ,नयन बिनु बानी--
कॄष्ण बिहारी ’नूर’-साहब से भी पूछती तो वह भी यही कहते
हो किस तरह से बयाँ तेरे हुस्न का आलम
जुबां नज़र तो नहीं है ,नज़र ज़ुबाँ तो नहीं
तारीफ़ उस ख़ुदा की जिसने तुझे बनाया--
-॑॑"हट मुए" - कह कर वह जो गईं सो गईं ।बाद में मुझे "ब्लाक" भी कर दिया।
------
यारमिश्रा ! उन्होने मुझे "ब्लाक" क्यों कर दिया ? -
मिश्रा ने रहस्य बताया ,अनुभवी आदमी था -- वह अपनी कविता पर ’वाह’ वाह सुनना चाहती थी -तुम-भगवान की रचना पर वाह वाह करने लगे ।--
वह अपनी रचना के सौन्दर्य के बारे में पूछ रही थी । तुम भगवान की रचना के सौन्दर्य का वाह वाह करने लगे ।
-और -"मुए"- क्यों बोला ?-
-इसलिए कि "जा मर" और भगवान की रचना का वाह वाह भगवान के पास जा के कर।
एक बात और बता दूँ- तुम्हारी इसी हरकत के कारण सब महिला कवयित्रियॊं ने तुम्हें "ब्लाक" कर रखा है।
अस्तु
-आनन्द.पाठक-

मंगलवार, 8 सितंबर 2020

एक व्यंग्य 062-V: अनाम "कविता-चोर" जी का उत्तर


डायरी के पन्नों से---

[नोट : इसी मंच पर एक खुला  पत्र -’कविता- चोर" महोदय के नाम लिखा था जिसे आप लोगों ने भी पढ़ा । 
संदर्भ पुराना था-व्यथा पुरानी थी, मगर विषय प्रासंगिक था।
अब उन्ही ’ श्रीमान चोर जी ’ का उत्तर लौटती डाक से प्राप्त हो गया । । चोर महोदय से इतनी त्वरित गति से उत्तर की आशा तो न थी--काश वह किसी सरकारी
विभाग में पद्स्थापित होते--ख़ैर। जवाब आप भी पढ़ें--

एक व्यंग्य :  अनाम "कविता-चोर" जी का उत्तर

आदरणीय श्रीमन !
दूर से ही प्रणाम। 
बाबा तुलसीदास जी कह गए है कि ’दुष्ट संग जनि देई विधाता-- सो दूर से ही प्रणाम कर रहा हूँ।
 पत्र मिला । समाचार जाना ।आरोप भी जाना ।

इधर ’करोना’ का प्रकोप कम नहीं हो रहा है , हम सब साथी गण अपने अपने अपने घरों में कैद हैं । मंच, मुशायरों से भी ’माँग नहीं आ रही है। घर में बैठे बैठे ’आन लाइव---वाच पार्टी -- फ़ेसबुक-पर अपनी ही कविताओं  का कितनी बार पाठ करें? अपनी  शकल  देखते दिखाते झाँकते झाँकते मन उब सा गया है।हाँ , कुछ वीर बहादुर है, जो "फ़ेसबुक लाइव" में अभी तक डटे हैं ।हर रोज़ सज-सँवर कर चेहरा दिखाते रहते हैं और आँख बन्द कर झूम झूम कर कविता-पाठ करते रहते हैं और स्वयं आह्लादित होते रहते है, सिर चालन करते रहते हैं।

तो हे सयाणॆ श्री !
पत्र में तुमने जिस भाषा का प्रयोग किया है उससे पता चलता है कि तुम्हारी शिक्षा-दीक्षा ज़रूर किसी "मुन्यसपिल्टी
स्कूल" में हुई होगी । अगर ’कान्वेन्ट स्कूल" में हुई होती तो ’अंगरेजी’ में गाली देते । डिग्री पाना अलग बात है-’शिक्षित होना अलग बात है-।’आदमी होना अलग बात है -शायर  होना तो  ख़ैर दूर की बात है ।। भारत सरकार की नई शिक्षा नीति  में मोदी जी को इस पर विचार करना चाहिए कि "आनन्द" जैसा घटिया आदमी भी एक आदमी बन सके ।

आप ने कविता चोरी का जो आरोप मुझ पर लगाया है ,वह झूठ है ।मीडिया ने , तुम ने, सब ने  तोड़-मरोड़ कर झूठा तथ्य पेश  किया  है ।मुझे अपनी सफ़ाई का मौक़ा दिए बिना ही  ’चोर’ ठहरा दिया। यह कहाँ का न्याय है ?यह न्याय प्रक्रिया के मूल सिद्धान्तों के विरुद्ध है ।संविधान के विरुद्ध है। वस्तुत: तुम्हारी उस ’तथाकथित’ कविता के -नीचे मैं अपना नाम और  नाम के आगे  ’प्रस्तोता"-या -"प्रस्तुतकर्ता"  -लिखने ही जा रहा था कि लोगों ने चोर चोर कह कर शोर मचाना शुरु कर दिया। कुछ लोग थाना-पुलिस की बात करने लगे तो मैं छोड़ कर भाग गया । प्रस्तोता छूट गया -- मेरा नाम रह गया-।
चिराग़ हसन ’हसरत’साहब ने कहा है-
           
            ग़ैरों से कहा तुम ने, ग़ैरों से सुना तुम ने
            कुछ हम से कहा होता , कुछ हमसे सुना होता

तो हे -
तथाकथित फ़ेसबुकिया काव्य शिरोमणि ! -

 तुम्हारी वह घटिया कविता चुरा कर मैं  पछता रहा हूँ ।दो कौड़ी की कविता थी ।ऐसी कविता तो कौड़ी के तीन मिल जाती हैं। उसे सुनने को कोई तैयार नहीं । चाय पिलाने की शर्त पर भी कोई सुनना नहीं चाहता  है।।पैसा देकर मैं ’सम्मान’ तो करा सकता हू।मगर पैसा देकर कविता नही सुना सकता ? राम ! राम! राम!

और  वो कविता ! धत !

न वो ज़मीं के लिए,है न आस्मां के लिए
तेरा कलाम है महज ’ख़ामख़्वाह’ के लिए

 बहुत से लोग अपने नाम के आगे -शायर अमुक सिंह- गीतकार प्रमुख शर्मा--ग़ज़लकार कुमुक वर्मा--लिख लेते है।
 ऐसे लोगों की कविताएँ मैं नहीं चुराता। जानता हूँ वो क्या लिखते है । उनकी चुरा कर उन्हें और क्यों मशहूर करना कराना ?
तुम्हारी कविता इस उमीद से चुराई थी कि गली कूचे के अनाम कवि हो -क्या शोर मचाओगे ।मशहूर हो जाओगे।
इब्ने इन्शा साहब  ने कहा था

            इक ज़रा सी बात थी जिसका चर्चा पहुँचा गली गली
            तुम गुमनामों ने फिर भी ऐहसान न माना  यारों  का

 इन्शा साहब ने  तो ’हम’ लिखा था --’तुम’-तो मैने कर दिया कि बात ज़रा साफ़ रहे।
तुम्हारे जैसे कवि तो कविता चोरी होने के बाद अपने पीतल के ढक्कन को भी ’स्वर्ण-थाल’- बताते हैं।

तो हे ढक्कन श्री ! माटी के माधो !
पत्र में तुमने  पूछा है  कि मैं -कहानी--नाटक -उपन्यास क्यों नहीं चुराता ?भाई मेरे! साहूकार, सुनार के घर से भूसा का झौआ चुरायेंगे क्या --ख़ाद की बोरी उठायेंगे क्या ?तेली के घर से ’कोल्हू’ सर पे उठा कर ले जायेगा क्या ?जल्दी जल्दी में जो माल-पत्तर मिलेगा वही उठायेगे न ? तुम्हारे ब्लाग से कविता मिली सो उठा लिया।
 कोल्हू तो समझते होंगे ? इतनी ’व्यंजना’ तो समझ में आती होगी? कोल्हू के बैल जो ठहरे !

तो हे कलम घिसुए महराज जी !

अब में अपनी औक़ात पर आता हूँ-
- तेरी चिठ्ठी  से अपुन का माथा सटकेला है --कलम थकेला है - करोना से डरेला है, वरना--
अबे ओ सयाणॆ !---ज़ियादे शान-पट्टी दिखाने का नी --थाना पुलिस करेगा -कसम उस उस्ताद की जिसने यह गुर सिखाया-अपुन का तेरे को अख्खा क़लम स्मेत उठवा लेगा-
जास्ती मच मच करने को नी ।--न रहेगा बाँस न बाजेगी बँसुरी।भेजा में घुसेला क्या ! समझा क्या कि आ कर समझाऊँ ?
ओ चिकणे ! जा अपना काम कर !फिर  चिट्ठी-पत्री मत लिखना ।
तेरा --
शुभ चिन्तक
-अनाम-
-----------------
-आनन्द.पाठक--

Listen This Satire Here