मंगलवार, 1 सितंबर 2020

एक व्यंग्य 061-V: एक पत्र -कविता चोर के नाम

एक व्यंग्य : एक पत्र 
कविता- चोर के नाम 

हे मेरे कविता प्रेमी !

सादर चरण स्पर्श

अत्र कुशलम ! तत्रास्तु ?आशा करता हूं कि आप ’चुल्लू भर पानी’ ढूँढ रहे होंगे ।

सुबह ही सुबह ,जब मेरे मित्रों ने ’ब्रेकिंग न्यूज़ ’ शैली में यह ख़बर सुनाई की मेरी एक कविता
फिर चोरी हो गई तो मेरा मन अति प्रफुल्लित हो गया । अब मेरी कविता गीत ग़ज़ल ’चोरी’ होने के योग्य
हो गईं ।बड़ी हो गईं। चोरों की नज़रों में चढ़ गई और मैं स्वयं अपनी नज़रों में चढ़ गया। मेरी वह कविता चोरी कर के आप ने उसे अमर कर दिया ।

ना "ब्लाग" की सीमा हो, ना ’व्हाट्स अप" का बन्धन
मेरे गीत चुरा लेना , जब चाहे तेरा मन 

मेरे गीत चुरा कर तुम --मेरे गीत अमर कर दो
इस चोरा-चोरी की, सखे! रीति अमर कर दो 

सुबह से ही फ़ोन की घंटियाँ टनटना रही है । मित्रों की उत्सुकता है। जानना चाह्ते है कि कौन सी वह  कविता थी
जिसे ’चुरा’ कर आप ने अमरत्व प्रदान कर दिया । वे सब इस अदा से पूछ रहें कि हाय ! वो गीत उन्होने  क्यों न चुराया ।

हे प्रियवर !

तुझे  सूरज कहूँ या चन्दा ,तुझे दीप कहूँ  या तारा
मेरा नाम करेगा रौशन ,तू गीत चुरा के दुबारा

मैं कब से तरस रहा था --मेरा गीत  चुरा ले कोई--

माफ़ करना मित्र ! मारे खुशी के, मैं क्षण भर के लिए विषय पथ से भटक गया ।
आप को सूरज-चन्दा क्या कहूँ। और भी बहुत से शब्द हैं आप के लिए --चोर --चोरकट-- उच्चक्का
-चाईं--गिरहकट--उठाईगीर- --पाकेटमार--जेबकतरा--चोर -महाचोर--किस पद्म श्री से विभूषित करूँ, महराज!
डकैत इसलिए नहीं लिख रहा हूं कि डकैतों के सम्मान में  गुस्ताखी हो जायेगी।और ’लुच्च्चा,लफ़ंगा,आवारा--दूसरी श्रेणी के शब्द हैं।

चाईं तो आप समझते होंगे ? नहीं ? तो मुगलसराय जंक्शन पर ऐसे बहुत से मिल जायेंगे कहते हुए-
"सौ चाईं --एक मुगलसराई"
कभी पाला नहीं पड़ा । बस सुना ही सुना है ।

हे मित्र प्रवर !
आप स्वयं पर शर्मिन्दा न हों ।
बहुत से लोग ऐसा काम करते रहते हैं। कोई दिल चुराता है ,कोई नज़र चुराता है, कोई "टैक्स’ चुराता है।
राजकुमार जी तो खुली आँखों से ’सुर्मा"  चुरा लेते थे ।

मेरी तो एक थी। ’दिल चुरा" के ले गई सो आज तक लौटाई ही नहीं।
" कहते हो न देंगे हम दिल अगर पड़ा पाया "--अच्छा है ।मत देना ,मगर मेरा दिल किसी और को न दे देना।

इक तुम ही नहीं तनहा चोरी में मेरे रुस्वा
तुम जैसे यहाँ  मंचो पर चोर हज़ारों हैं

मैं भी ऐसा ही "चौर्य कर्म " करता रहता हूँ यदा-कदा । किसी के-ग़ज़ल की ज़मीन चुरा लेता हूँ। भाव चुरा लेता हूँ ।
भावना चुरा लेता हूं।किसी की कल्पना चुरा लेता हूँ ।कभी कभी 1-2 मिसरा भी चुरा लेता हूँ ।
 परन्तु मैं इसे चोरी का नहीं, ’प्रेरणा’ का नाम देता हूँ।

एक सलाह है आप को। आप यह " -चौर्य कर्म ’ शौक से करें परन्तु 1-2 शब्द ज़रा इधर उधर ज़रूर कर दिया करें।
नहीं तो 1-2 रदीफ़-क़ाफ़िया ही बदल दिया करें । अरे नहीं नहीं --रदीफ़ नहीं बदलना भाई मेरे--रंगे हाथ पकड़े जाओगे। एकाध मिसरा ऊपर नीचे कर दें । हू-ब-हू न उतारें । फिर आप का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता ।
 तन कर खड़े हो सकते हो। ग्लानि-मुक्त हो सकते हैं।

न हारा हूँ मैं  - न तुम ही थके हो 
मैं तो हूँ कच्चा --तुम तो पके हो

अगले पत्र में आप को”चौर्य कर्म ’के और भी गुर सिखा सकते है ।
एक मंच भी बना सकते हैं -जैसे बड़े बड़े शहरों में -एक ’चोर बाज़ार ’ होता है । चोर-हटिया होता है ।

हे मेरे शुभ चिन्तक !
मुझे आजतक यह बात समझ में न आई कि लोग गीत, ग़ज़ल, माहिया ही क्यों चुराते हैं? कहानी, उपन्यास  क्यॊं
नही चुराते? इस प्रश्न का उत्तर लौटती डाक से अवश्य दीजियेगा।

इस  ’कविता चोरी’ पर मेरे कुछ मित्रॊ ने अयाचित सलाह भी दी  कि मैं अविलम्ब  इस चोरी घटना की रिपोर्ट किसी थाने में करूँ।मैने किया था एक बार वह भी किया था ।  वह  एक अलग किस्सा है ।
 अब लौं नसानी ,अब ना नसइहों। अगले किसी पत्रमें इसकी चर्चा करूँगा । किसी ने सलाह दी कि अपनी ग़ज़ल में ”तख़ल्लुस’ का ताला लगा दूँ । मैने वह भी किया।परन्तु आप के हुनर के आगे मेरा हुनर कुछ काम न आया।

मित्रवर !
एक श्रीमान जी ने तो मेरा तख़ल्लुस हटा कर अपना ’तख़ल्लुस’ डाल दिया ।वह शख़्स पूर्व जनम में ज़रूर शायर रहे होंगे । उसने  अपना तख़ल्लुस इतनी सफ़ाई से डाला कि ’हम वज़न ’ हम क़ाफ़िया ’ बा-बह्र , बना कर डाला । वल्लाह क्या कहने  कि  एक बार तो हम भी अपनी ग़ज़ल को उनकी  ही ग़ज़ल समझ बैठे ।
वाह वाह कर बैठे। दाद दे बैठे ।ख़ुदा उनके इस ’हुनर’ को  और बुलन्दी अता करे।

मेरी एक मित्राणी  [ महिला मित्र ] क्षत्राणी भी है , ने सलाह दी  कि मै अपनी ग़ज़ल में ऐसी भयंकर ग़लती कर के डाल दूँ  कि वैसी ग़लती बड़े से बड़ा शायर  भी न कर सके।
वह ग़लती ही आप का ’सिगनेचर स्टेट्मेन्ट" होगा  और चोरी तुरन्त पकड़ी जायेगी ।श्रीमन! मैने  वह भी किया । मगर ’अली बाबा चालीस चोर ’ शैली में सभी ने अपनी अपनी  ग़ज़ल में वैसी ही ग़लतियाँ डालनी  शुरु कर दी । मेरी रचना चोरी होने से वंचित तो हो गई पर मै उस सुख से वंचित हो गया जो चोरी होने के बाद
मुझे मिलता था । वही सुख -वही आनन्द --तुम्हें सूरज कहूँ या चंदा -वा्ला  सुख -।

उन महिला मित्र ने सबको यही सलाह दी और सभी ने माना। कारण-सभी शादी-शुदा थे ।

किसी मित्र ने सलाह दिया कि तुम अपनी रचना के अन्त में "स्वरचित रचना" लिख दो फिर कोई माई का लाल नहीं चुरा पायेगा ।
तो हे मेरे काव्य प्रिये ! तुम भी तो किसी माई के लाल ही होगे ?
अब तो बहुत से लोग अपनी रचना के नीचे ’ कापी राइट -फ़लाना सिंह ’ लिख देते हैं । हा हा हा । वो अज्ञानी है । मूढ़ हैं। आप जैसे खानदानी चोर के लिए  इन छोटे-मोटे तालों की क्या औक़ात !
आप के इस " चौर्य कर्म " में आप का ’शौर्य’ झलकता है -जैसे आप कह रहे हों --हाँ मैने चुराया है --क्या कर लोगे ?
प्रभु ! मैं एक दीनहीन  कवि क्या कर सकता हूँ । आप ने "यशोधरा"  नहीं पढ़ा

  हाँ तुम मुझ से कह ,ले जाते 
तो क्या अपने चोर्य-कर्म में मुझको बाधा पाते ?
 हाय !तुम मुझ से कह  ले जाते 

हे मित्रवर !
अगर आप मुझ से  कहते तो आप के श्री चरणॊ में  2-4 गीत  ऐसे ही  समर्पित कर देता  -फ़्री में । कम से कम यह पाप तो आप को नहीं करना पड़ता।
"फ़्री में"- इसलिए कि मेरे एक साहित्यिक मित्र बता रहे थे कि उनके पास किसी का [ महिला या पुरुष , यह नहीं बताया ] एक ऐसा प्रस्ताव आया था कि वह अपनी रचनाएँ उन्हे देते जाएँ -और उनसे धन लेते जाए । धनोपार्जन का अच्छा साधन हो जायेगा ।
पता नहीं इसमें कितनी सत्यता थी  --मगर अन्त में  उन्होनें जो बताया वह बिल्कुल सत्य था।

उन्होने बड़े दर्द भरे स्वर में बताया ---पाठक जी -जानते हैं -मैं बिक सकता हूँ , मेरी ’क़लम’ नहीं बिक सकती ।
फिर मैने उनकी क़लम को प्रणाम किया।

तो हे मित्र !
यह पत्र अब लम्बा हो चला है और आप को भी जम्हाई आ रही होगी रात में "सत्कर्म" करते करते थक जो गए होंगे।
"ये न थी हमारी क़िस्मत कि विसाल-ए-यार होता। ख़ैर।कभी साक्षात मिलेंगे तो चरण वन्दन भी कर लूँगा
अपने अन्य साथियों को मेरा प्रणाम कहिएगा ।अगले पत्र में अन्य  बातों पर मिल कर विस्तार से चर्चा करेंगे।
 । भगवान आप के ’ हुनर’ को यूँ ही ज़िन्दा रखे।

उत्तर की प्रतीक्षा में

भवदीय

-आनन्द.पाठक-

Listen This Satire Here








सं 01-06-21

बुधवार, 15 जुलाई 2020

एक व्यंग्य 060-V: काला घोड़ा सफेद घोड़ा

एक व्यंग्य  060-V: काला घोड़ा-सफ़ेद घोड़ा

शतरंज की बिसात --बिसात पर घोड़े--काले घोड़े--सफ़ेद घोड़े 
शतरंज की बाजी --घोड़ों की चाल । धरती धोरां री ।

---घोड़े हिनहिनाए ।

घोड़ा हिनहिनाता है ,मख़्खियाँ भिनभिनाती है और आदमी भुनभुनाता है ।और ऊँट ?
ऊँट बलबलाता है -जब कुर्सी पर नहीं रहता , खाली रहता है ।

प्रदेश के अस्तबल में सफ़ेद वाले घोड़े भुनभुनाते हुए हिनहिनाने लगे ।भुनभुना तो वो ख़ैर  एक साल से रहे थे।
दिल्ली सुन नही रही थी। इस बार सब एक स्वर में हिनहिना उठे ।

दिल्ली ने पूछा-क्या बात है?  हिनहिना क्यों  रहे हो ।
काले घोड़ो ने अपनी व्यथा सुनाई - ये सफ़ेद  घोड़े वाले हरी हरी घास खा रहे हैं ।मस्त हैं ।हमारा  मालिक तो हमे घास  ही नही डालता ।भाव ही नहीं देता-  और डालता भी है तो सूखी घास । न खाते बनता है --न छोड़ते  । सफ़ेद वाले मुस्तंडे हो गए , हम डंडे के डंडे ही रह  गए ।क्या इसी सूखी घास के लिए हम इस ’अस्तबल’ में आए थे?  हिनहिनाएँ नहीं तो क्या करें ।

देखते हैं --कह कर दिल्ली ने अपनी जान छुड़ाई।

  20-25 काले घोड़े अपने छोटे मालिक के साथ हो लिए और अस्तबल से बाहर निकल आये । कहने लगे अस्तबल में बहुत गंदगी भर गई थी। हमारा कोई सम्मान ही नहीं वहाँ तो हम क्या रहते इस अस्तबल में।काले घोड़ों का मालिक उन सबको अपने साथ लेकर जाने लगा पूरब दिशा की ओर किसी पंचतारा ’रिसार्ट’ की तरफ़।

"अरे उन घोड़ो को लेकर  कहाँ जा रहे हो उधर ? ’ - सफ़ेद घोड़ों के सौदागर ने आपत्ति जताई -’विधान सभा इधर है ।
"हाँ हाँ मालूम है विधान सभा किधर है ।पहले हम इन्हे " रिसार्ट’ में रखेंगे --खिलायेंगे--पिलायेंगे--समझायेंगे -बुझायेंगे--वीडियो करायेंगे- -बयान  दिलवायेंगे--मीडिया के सामने परेड करायेंगे--फिर विधान सभा में लायेंगे । देख लेना मेरे पास कितने घोड़े है ? हमारे  घोड़े रंग नहीं बदलते ।

हा हा हा वो रंग क्या बदलेंगे  ! काली कमरिया चढ़्यो न दूजो रंग --- सफ़ेद घोड़ों के मालिक ने तुर्की-ब-तुर्की जवाब दिया ।

  इधर सफ़ेद घोड़ो के छोटे  मालिक ने भी अपने घोड़ों को  साथ ले कर  ’फ़ाइव स्टार’ होटेल में छुपा दिए । बोले -ढूंढो तो जानू ।

इन घोड़ो को प्रदेश की ’ग़रीब’ जनता ने चुन कर अस्तबल भेजा था कि इन सौदागरों ने बाँट लिए ।और ये  5-स्टार
होटेल में  फ़ाइव स्टार रिसार्ट में ’क़ैद’ कर लिए गए । फिर खूब सेवा सुश्रुषा होती -खिलाना पिलाना,आमोद प्रमोद होता है। मोबाईल रखवा लिए जाते हैं । सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर कर दी जाती है। छोटे मालिक की उन पर हमेशा पैनी नज़र रहती है कोई बंदा इधर से उधर न छटक जाए। फिसलने में कितना समय लगता है ।
-ग़रीब जनता के हित में । कितना कष्ट सहते है ये लोग हम ग़रीबो के लिए ।

घोड़ों के साथ यही समस्या है । जब खुश रहते हैं तो सवारी कराते है अपने मालिक की --जब बिफ़रते हैं तो ’दुलत्ती’  मारते है अपने मालिक को। हिनहिनाते ऊपर से हैं।

जब शतरंज की बिसात बिछती है तो ये अपनी चाल चलते है ।सफ़ेद घोड़ो की चाल अलग। काले घोड़ों की चाल अलग । चलेंगे ’ढाई घर ’ । न जाने किस वाले घर में बैठ जाएँ } बाये न दायें । एक पार्टी ने तो अपना दरवाज़ा
ही ’खुला ’रख छोड़ा  है -इसी काम के लिए ।

कोई जब तुम्हारा हृदय तोड़ दे -तड़पता हुआ जब कोई छोड़ दे
तब तुम मेरे पास आना प्रिये ! --मेरा दर खुला है ,खुला ही रहेगा तुम्हारे लिए

उधर वाला घोड़ा सोचता है यार उधर का ’दर’ [ रेट ] इधर से ज़ियादा है क्या?
सामने वाला दस बार सोचता है --खुला  ’दर’ है। इधर का ’दर’ कुछ कम लगता है ज़रा ।
फिर सोचता है यार

 इधर से ऊब जायेंगे  तो  उधर  चले जायेंगे
 जा कर वहाँ’ भी चैन ’ न पाया तो कहाँ जायेंगे?

्काले  घोड़े वाले ने अपने एक भूतपूर्व मित्र से पूछा - यार ,उधर की घास कैसी है ?
-बहुत हरी हरी है ,नर्म है ,मुलायम है ,मखमली है ----आ जाओ । क्या सोच रहे हो?
उधर दिल्ली के एक सेवक ने अपनी मालकिन से कहा --- जब सारे घोड़े एक एक कर के निकल जायेंगे तब देखियेगा क्या "
-देखते हैं -- कह कर मालकिन ने अपनी जान छुड़ाई ।

सामने वाली पार्टी  के एक आचार्य ने -जिनका ’दर’ हमेशा खुला रहता है ऐसे शुभ कार्यॊ के लिए -  प्रवचन करते हुए कहा --

" भक्तों ,शास्त्रों में लिखा है  घोड़े उधर ही आते  है ,जिधर हरियाली होती है । प्रेम से बोलो---लोकतन्त्र की जय ।
अस्तु

-आनन्द पाठक -
इस व्यंग्य का वाचन मेरे यू-ट्यूब चैनेल ---मुखौटॊं की दुनिया-- में सुन सकते हैं